Showing posts with label SHORT STORY. Show all posts
Showing posts with label SHORT STORY. Show all posts

Sunday, October 11, 2020

जब हमने चोर पकड़ा




बात उन दिनों की है 

जब हम त्रिनगर रहा करते थे और शरीर और आँखों दोनों की सेहत बनाने रोज़ सुबह तड़के,

दोस्तों का सारा लाव-लश्कर लेकर लारेन्स रोड के हथौड़ा राम पार्क जाया करते थे 

हम कोई ग्यारहवीं-बाहरवीं कक्षा में रहे होंगे 

सो बात होगी करीब 1990 के आस-पास की 

वैसे ये हथौडाराम पार्क हमारे घर से ज्यादा से ज्यादा कोई दो-तीन किलोमीटर ही दूर रहा होगा 

पर साहब पैदल कौन चले 

सो स्कूटर ,मोटर साइकिल जो भी मिले ,उसी पर सवारी होती थी 

हेलमेट अमूमन होता नहीं था 

होता भी होगा तो हमसे लगाया नहीं जाता था 

अरे यार हेलमेट लगाने से हमारा चार्मिंग चेहरा छुप जाता था ना :)

और स्कूटर/मोटर साइकिल को लॉक करके खड़ा करना भी हमारी शान के खिलाफ था 

तो एक भले दिन तड़के भोर ही मैं ,भारत ,लाला ... 

( अब हम तीनो तो थे ही ,एक दो जन  और भी जरूर रहे होंगे पर अब याद नहीं कौन-कौन और था )

पहुंच गए हथोड़ाराम पार्क 

स्कूटर खड़ा किया पार्क के गेट के बाहर

और अपन सब तो मस्त चले गए पार्क में मटरगश्ती करने 

एक घंटे बाद बाहर आते है तो 

देखते क्या हैं की  

एक चोर हमारा स्कूटर स्टार्ट कर बस भागने की फ़िराक में ही है 

हम सारे तो ये भागे और वो भागे 

और जा पकड़ा साले को 

और फिर हम चारों -पाँचो ने मिलकर उसका  जो कुटापा उतारा है की 

ये साला चोर बार-बार कुछ बोलना चाहता था 

पर हमने साले की इतनी पूजा की कि उसकी बोलती ही बंद कर दी 

उस चोर की भरपूर पूजा के बाद  

अब सलाह ये बनी की इस साले चोर को थाने में दे दिया जाए 

तो अच्छा शहरी होने का फ़र्ज़ भी पूरा हो जाए 

और पुलिस की शाबासी भी मिले 

तो साहब उस चोर को सबने मिलकर ऐसे जकड़ा जैसे ऑक्टोपस अपनी अनगिनत भुजाओ से अपने शिकार को जकड़ता है 

और पहुंच गए पुलिस थाना लॉरेंस रोड 

सबके कॉलर ऊँचे थे 

अरे क्यों ना हो इतना नेक काम जो किया था 

एक चोर पकड़ा था 

अभी जैसे ही हम थाने के गेट के अंदर पहुंचे  

एक पुलिस सिपाही भागता हुआ हमारी तरफ ही आया 

हम सब समझ गए वो हमें शाबासी देने आ रहा है :)

हमारे कॉलर और हमारी गर्दन कुछ और तन गयी 

पास आते ही वो पुलिस सिपाही उस चोर से बोला 

"रे सतबीर यो के होया रे 

किसने मारा तने ?

तू तो आज हथोड़ाराम पार्क रोड पे ड्यूटी पे था 

अरे बोल ना के होया "

इतना सुनना  था 

हम सबकी सांस ऊपर की ऊपर 

नीचे की नीचे 

ऑक्टोपस की मजबूत पकड़ एकदम से ढीली पड़ गयी

कॉलर और गर्दन ही नहीं 

बल्कि हमारी वो मूंछे जो अभी ठीक से उगी भी नहीं थी 

यू शेप से एकदम से एन शेप हो गयी  :)

असल में वो चोर कोई चोर नहीं बल्कि पुलिस सिपाही सतबीर था 

जो उस दिन हथोड़ाराम पार्क रोड पे सादी वर्दी में ड्यूटी पे था 

उस रोड पे कई गर्ल्स स्कूल थे 

तो सुबह सुबह आवारा लड़कों का एक हुजूम स्कूटर और मोटर-साइकिल पर स्कूल जाने वाली लड़कियों को छेड़ने आया करता था 

उस दिन अपनी ड्यूटी के दौरान ही सिपाही सतबीर ने हमारा स्कूटर  चेक किया 

अब जैसा की मैंने पहले ही बताया की हेलमेट के साथ-साथ स्कूटर में लॉक लगाना भी हमारी शान के खिलाफ था 

सो सादी वर्दी में ड्यूटी पे तैनात सिपाही सतबीर हमारे बिना लॉक वाले आवारा खड़े स्कूटर को थाने ले जा रहा था 

जब हमने उसे चोर समझ कर पकड़ा और उसकी खूब पूजा कर दी :)

वैसे थाने में पूजा तो हम सबकी भी खूब हुयी  :)

थानेदार साब कहने रहे 

"रे सतबीर छोड दे 

बालक हैं "

पर सतबीर सिपाही ने तो ना थानेदार की एक सुनी न हमारी दो 

उसने तो उस दिन अपनी बरसों की तमन्ना खूब तबीयत से पूरी की  

और उस दिन भरपूर पूजा के बाद ही हमसब को घर जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ 

और यकीन मानिये 

वो दिन है और आज का दिन है 

हम सब ने कभी फिर कोई चोर नहीं पकड़ा :))


Monday, July 13, 2020

मनु और सूसू

दोस्ती और इश्क़
एक जैसे होते हैं :)
कभी तो ये पहली नज़र में ही हो जाते हैं
और कभी इसे होने में बरसों लग जाते हैं :)
मनु और सुशील की मुलाकात तो कोई 30 साल पुरानी है
पर उनकी दोस्ती भी कोई पहली बार में ही मिलते ही नहीं हुयी
दोनों की दोस्ती होने में भी सालों लगे :)


असल में गलती मनु की ही थी
मनु था ही इतना नकचढ़ा
और हमेशा दूसरों में कमियां निकलने वाला
मनु पढ़ने में थोड़ा अच्छा था
दिखता भी अच्छा था
तो मनु अपने सामने कहाँ किसी को कुछ समझता था ?
वहीँ सुशिल उस समय
थोड़ा मोटू-गब्दू और मोटा चश्मा लगाने वाला लड़का था
पर हमेशा हसने-हँसाने वाला
और गज़ब का हाजिरजवाब :)

मनु और सुशिल को
मनु के पड़ोस के दोस्त भारत ने मिलवाया
सुशिल और भारत एक ही स्कूल में पढ़ते थे
तो सुशिल अक्सर कभी भारत से वैसे ही मिलने ,
कभी क्रिकेट खेलने मनु और भारत की गली में आता रहता था

सुशिल अक्सर कोशिश करता मनु से बात करने की
पर मनु जाने किन हवाओं में रहता था
वो सुशिल से बात तो करता
पर गहरी दोस्ती जैसा कोई व्यवहार कहाँ करता था ?

मनु बहुत हैरान हुआ था
जब सुशिल ने मनु को अपने जन्मदिन पर अपने घर बुलाया
उस पार्टी में मनु को छोड़कर सारे बस सुशिल के स्कूल के दोस्त थे
उसी दिन सुशिल को घर में अपना अलग से एक कमरा भी मिला था
सुशिल बहुत खुश था
उसने कमरे को सजाया था
( यहाँ में ये बता दूँ की मनु और सुशिल में एक चीज़ थी
जो COMMON थी
वो थी "पूजा भट्ट "
मनु और सुशिल दोनों की फिल्म स्टार "पूजा भट्ट " के लिए दीवानगी :) )
पूजा भट्ट 1991 में अपनी मूवी "दिल है के मानता नहीं " के बाद
उस समय की सबसे मशहूर स्टार थी )


अपने 18 th जन्मदिन पर सुशिल ने अपने कमरे में
" पूजा भट्ट " का एक पोस्टर लगाया था
और आश्चर्यजनक रूप से उस पोस्टर का इनोग्रेशन कराया मनु से
सारे दोस्त हैरान थे :)
खुद मनु भी :)
क्युकी तब तक ना तो मनु और सुशिल में कोई गहरी दोस्ती थी
और उस पार्टी में सुशिल के बहुत पुराने और गहरे कई दोस्त मौजूद थे
इस बात से मनु को खुशी तो हुयी
पर तब भी मनु ने कोई ख़ास इंटरेस्ट नहीं दिखाया सुशिल से दोस्ती बढ़ाने में

समय बीता
कोइन्सिडेंट था की मनु और सुशिल को एक ही कॉलेज सत्यवती में दाखिला मिला
जहाँ सुशिल ने कोम्मेर्से में अच्छे मार्क्स लिए थे
वहीँ मनु ने साइंस में बहुत बुरे मार्क्स :)
तो मनु को साइंस में कहीं दाखिला नहीं मिला तो
मनु को भी कॉलेज में कॉमर्स ही लेना पड़ा
और अब अलग-अलग स्कूल
और अलग-अलग सब्जेक्ट पढ़ने वाले ये दोनों बन्दे
मनु और सुशिल
एक ही कॉलेज के एक ही कोर्स में
और यहाँ तक की एक ही सेक्शन में थे
यहाँ भी दोनों में दोस्ती तो थी
पर फिर वही बात
इतनी गहरी दोस्ती अब भी ना थी :)

मनु को फर्स्ट ईयर कॉलेज में भी खुद पे बहुत दम्भ था
उसे लगता था ये कॉलेज उसके लायक नहीं है
और इस कॉलेज के लड़के-लड़कियां तो बिलकुल उसके स्टैण्डर्ड के नहीं हैं
यहाँ तक की जब एक अच्छी, खूबसूरत लड़की ने
खुद मनु को आगे से प्रोपोज़ किया
पर वो भी मनु को अपने स्तर की नहीं लगी :)
और उसने मन कर दिया था :)
इतना बड़ा भोंदू था मनु :)
और अपनी झूठी शान में घिरा :)

पर वैसे कुछ भी कहें मनु थोड़ा शार्प तो था
तो पहले कभी भी कोम्मेर्से,अकाउंट्स
ना पढ़े होने के बावजूद मनु ने फर्स्ट ईयर में बहुत अच्छे मार्क्स लाये
यहाँ तक की " हिंदी " में उसने कॉलेज टॉप किया
और सेकंड ईयर में मनु का माइग्रेशन
मनु के मनपसंद शिवाजी कॉलेज में हो गया :)
अरे पर ये क्या सुशिल भी अच्छे मार्क्स लाया था
और सुशिल का माइग्रेशन भी शिवाजी कॉलेज में हो गया था :)

अब शिवाजी कॉलेज में
मनु और सुशिल की दोस्ती ढंग से शुरू हुयी
अब मनु ने जाना के
सुशिल आखिर बन्दा क्या है :)
सुशिल इतना हाज़िरजवाब ,
हसने-हसाने वाला
शरारती इतना के एक बार शर्त लगने पर
चलती हुयी क्लास में ,
जहाँ प्रोफेसर पढ़ा रहे थे
उसने धड़ाम से गेट खोला और एक सिक्का प्रोफेसर को खींच के मारा
वो सिक्का दो मिनिट तक फर्श चूमता हुआ आवाज़ करता रहा
और प्रोफेसर हैरान के ये क्या हुआ :)
और सारे स्टूडेंट्स का हँस-हँस के बुरा हाल :)

और दूसरी घटना में
मनु और सुशिल की क्लास की लड़कियों ने
एक खाली पड़ी क्लासरूम को ही अपना गर्ल्स अड्डा बना लिया था
वो रोज़ आती और उस क्लासरूम में अंदर जाकर अंदर से कुंडी लगा लेती
कई दिन ऐसे ही बीत गए
मनु,सुशिल और कई लड़के परेशान
के भाई ऐसे हम इन लड़कियों से कैसे बात करेंगें ,
दोस्ती करेंगें ,
और कैसे पटायेंगें :)
अगर ये रोज़ ऐसे ही एक कमरे के अंदर बंद रहेंगी तो :)
अब इसका भी तोड़ निकाला सुशिल ने ही :)
अगले दिन लड़कियां कॉलेज आईं
उस कमरे के अंदर गयीं
हैरान :)
कमरा बंद कैसे करें :)
क्युँकी किसी ने पूरा दरवाज़ा ही उतार कर गायब कर दिया था :)
ये भी शरारती सुशिल का काम था
लड़कियों ने हँस-हँस कर इस कारनामे की पूछताछ की :)
और इसी बातचीत में अब शिवाजी कॉलेज की सारी खूबसूरत लड़कियां
सुशिल और मनु के ग्रुप में थी
अब अच्छी दोस्त बन गयीं :)
( यहां तक की आज तक अच्छी दोस्त हैं :) )

साहसी भी गज़ब था सुशिल :)
एक बार
कॉलेज के दो गुंडों ने सुशिल को भरे कॉलेज में सीढ़ियों में रोका
एक ख़ास लड़की का नाम लेकर धमकाया
" तू आज के बाद उस लड़की से मिला तो ......      "
पर सुशिल तो आखिर सुशिल था :)
अगले दिन फिर सुशिल "अमेरिकनों रेस्त्रो " में उसी लड़की से मिलने गया :)
उसके साथ कॉफ़ी पी
वो दोनों गुंडे वहां आये
उन्होंने सुशिल को फिर धमकाया
पर सुशिल भाई तो फिर सुशिल भाई है :)
वो फिर भी तस से मस नहीं हुआ :)
गज़ब का हिम्मती, गज़ब का हसोड़ :)

कब कैसे मनु का गहरा दोस्त बनता चला गया था सुशिल
मनु को पता ही नहीं चला
दोनों साथ हँसे
कभी-कभी साथ दुखी भी हुए :)
अब तो बस जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा है
और मनु और सुशिल की दोस्ती बढ़ती जा रही है
मनु को आज भी ये कहने में शर्म नहीं की इसका सारा श्रेय
सुशिल को जाता है
क्युकी मनु तो आज भी नहीं बदला
वैसा ही है
दम्भी और एरोगेंट :)


#मन7  #दोस्ती  #friends  #friendship 
manojgupta0707.blogspot.com






Saturday, July 11, 2020

अंडा-करी


बात यूहीं कोई 1992 की है 
जी हाँ यही कोई बस 28 साल पहले की
पर मनु को आज भी याद है
मनु ने तभी नया-नया शिवाजी कॉलेज में सेकंड ईयर में एडमिशन लिया था
वैसे माइग्रेशन लिया था कहें ,
तो ज्यादा ठीक होगा  :)

अब उन दिनों कॉलेज में माइग्रेशन वाले स्टूडेंट्स को दूसरे दर्जे का समझा जाता था
जो स्टूडेंट्स पहले से कॉलेज में होते थे वो
इन माइग्रेशन वाले स्टूडेंट्स से ना तो बात करते थे
ना ही उन्हें अपने ग्रुप में एंट्री देते थे
मनु और उसके तीन दोस्तों ने एक साथ शिवाजी कॉलेज में माइग्रेशन लिया था
पर अब वो चारों कॉलेज में खुद को बड़ा आउट ऑफ़ प्लेस महसूस कर रहे थे
बहुत कोशिश करने के बाद भी
उनकी पुराने बने ग्रुप्स में कोई एंट्री ही नहीं हो पा रही थी
कई तिकड़म लगाए पर सब फ़ैल
बड़ी मुश्किल से अभी दो दिन पहले
भारती नाम की एक लड़की से बस सतही सी बातचीत हुयी थी

और मनु को हैरानी तब हुयी जब भारती ने अपने जन्मदिन (26 नवंबर ) के लिए
मनु और मनु के तीनों दोस्तों सुशिल,जीतू और महेश को अपने घर इन्वाइट कर लिया
इन चारों का तो खुशी और आश्चर्य से बुरा हाल था
पाँव ही धरती पर नहीं पड़ रहे थे
पहली बार कॉलेज की किसी लड़की ने उन्हें इस काबिल समझा था की
अपने घर ,
अपनी जन्मदिन की पार्टी में बुलाया था
भारती के घर जाने से पहले दिन चारों की एक स्पेशल मीटिंग हुयी
अजेंडा था-
पार्टी में क्या पहना जाएगा ,?
क्या गिफ्ट लेकर जाना है  ?
कौन किसको पिक करेगा ?

खैर तय समय धड़कता दिल लिए
अपने बेस्ट कपडे पहनकर
मनु और उसके तीनों दोस्त भारती के घर पहुँच गए थे
वहाँ भारती ही नहीं बल्कि
भारती की मम्मी, भाई और बहन ने
जब वहाँ चारों को अच्छे से अटेंड किया
तब जाकर मनु की जान में जान आयी
वरना तो एक डर ये भी था की कहीं ये उन चारों को नीचा दिखाने का कोई प्रैंक ना हो :)

बर्थडे पार्टी वास् जस्ट फैंटास्टिक :)
भारती ने अपने और भी कई दोस्तों को बुलाया हुआ था
कुछ कॉलेज के
कुछ स्कूल से
कुछ मोहल्ले से
ये मनु के लिए बिलकुल ही नया सा अनुभव था
किसी लड़की दोस्त के घर जाने का
और एक बर्थडे पार्टी अटेंड करने का
पार्टी ,म्यूजिक ,हँसी ,बेतकल्लुफ मौहोल
उससे भी अच्छा था वो प्यार
वो अपनापन
जिस तरह भारती ने मनु को उस पार्टी में ट्रीट किया :)

खाना वास् जस्ट ओसम :)
खासकर अंडा-करी :)
अब वेज फॅमिली से आनेवाले मनु ने पहली बार कोई नॉनवेज डिश खाई थी 
और भी इतनी टेस्टी की आज 28 साल बाद भी स्वाद याद है 
पता नहीं मनु ने कितनी बार अंडा-करी ली और खाई 


इतने साल बीत गए
मनु ने चौथाई दुनिया घूम ली
इतने इंटरनेशनल कुज़ीन खाये पर
वो अंडा-करी आज भी याद आती है
पता नहीं उस खाने में कुछ ख़ास था या
भारती और उसके प्यार-व्यवहार में

भारती आज भी ऐसी ही है
सॉफ्ट, बेतकल्लुफ, बेहतरीन इंसान
बेहतरीन दोस्त 
और अपनी अंडा-करी की तरह
अपने ऑर्बिट में आये हर व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक स्वाद और महक घोलती हुयी :)

#मन7  #दोस्ती  #friends  #friendship ,  manojgupta0707.blogspot.com




Monday, June 22, 2020

रेखा ,दा मिरांडा क़्वीन (short story)



रेखा ,दा मिरांडा क़्वीन
अब ये तो पता नहीं की उसका असली नाम रेखा था या कुछ और
पर इतना जरूर है की पूरा मिरांडा कॉलेज उसे रेखा ही बुलाता था
क्युकी फिल्म स्टार रेखा उन दिनों खूबसूरती का दूसरा नाम थी, (यूँ तो आज भी हैं :) )
और इधर अपनी रेखा के भी कॉलेज में खूबसूरती और जहानत के जबरदस्त चर्चे थे
जहाँ एक ओर रेखा गज़ब की खूबसूरत थी
वही दूसरी ओर पढ़ाई , स्टेज, ड्रामा, म्यूजिक सबमे अव्वल
उसका नाम किसी स्पर्धा में होने पर नहीं बल्कि ना होने पे सबको आश्चर्य होता था
हर तरह के म्यूजिक फेस्टिवल्स,कॉम्पिटिशंस, इंटरकॉलेज डिबेट्स ,
मतलब की हर वो एक्टिविटी जो 1975 के मिरांडा कॉलेज और दिल्ली युनिवेर्सिटी में होती थी
उसमे रेखा का होना जैसे लाज़मी था
और जीतना भी


इधर "नेशनल म्यूजिक फेस्टिवल" आनेवाला था
इस बार "मिरांडा हाउस" कॉलेज ने दिल्ली युनिवेर्सिटी को रिप्रेजेंट करना था
तो कॉलेज म्यूजिक टीचर मिसेज शेरोन ने रेखा और उसके पूरे ग्रुप को हिदायत दी थी की
इस बार ये कॉम्पिटिशन उन्हें ही दिल्ली के लिए यानि उनकी मिरांडा कॉलेज टीम को ही जीतना है
रेखा और उसके ग्रुप की लडकियां जी-जान से इस कॉम्पिटिशन की तैयारियों में लग गए
दिन-रात म्यूजिक रेहर्सल्स चल रही थी
गाने बनाये जा रहे थे
फुल ऑन तैयारियां थी
तभी एक दिन एक टीम मेंबर रागिनी ने रेखा को खबर दी की
इस बार हरियाणा की टीम बहुत जबरदस्त है
रेखा पहले तो हँसी
"हरियाणा की टीम और म्यूजिक"
"अच्छा मज़ाक है "
पर जब रेखा ने उस टीम के कुछ म्यूजिक पीस सुने तो वो चौंकी
"यार ये इतना अच्छा म्यूजिक हरियाणा टीम का , कैसे ? "
"यार एक लड़का है करन ,
लंदन से म्यूजिक पढ़ के आया है
उसी ने ये म्यूजिक बैंड बनाया है
मतलब कमाल ही कर दिया है "- रागिनी उत्साह से बोली थी
"ए रागिनी तू हमारी टीम  में है या उस गंवार करन की टीम में "
"कुछ भी बोलती है "- रेखा ने चिढ़ के जवाब दिया था

और फिर "नेशनल म्यूजिक फेस्टिवल" का दिन भी आ गया
दिल्ली का परफॉरमेंस लाजवाब था
देर तक तालियां और वन्स मोर ,वन्स मोर का शोर हो रहा था
अचानक एक अनजान हैंडसम लड़का स्टेज पर चढ़ा
और रेखा से हाथ मिलाते हुए बोला
"यू आर दा मोस्ट ब्यूटीफुल थिंग ऑन दिस स्टेज "

रेखा मंत्रमुग्ध सी उसे देखती हुयी स्टेज से नीचे उतर गयी
अब हरियाणा का परफॉरमेंस था
और तब रेखा को पता चला की ये तो वही था
लंदन रिटर्न हरियाणा बॉय "करन "


अगले दिन कॉलेज में चर्चा ये नहीं था की कॉम्पिटिशन किस टीम ने जीता
बल्कि इस बात का चर्चा था की
फेस्टिवल ख़त्म होने के बाद सबने रेखा और करन को हाथों में हाथ डाले
फेस्टिवल ऑडोटोरियम से बाहर निकलते देखा था
मिरांडा हाउस हार्ट थ्रोब रेखा और लंदन रिटर्न हरियाणा बॉय करन
एक नयी प्रेम कहानी की शुरुआत हो गयी थी


रेखा और करन अब रोज़ मिलने लगे थे
कभी कॉलेज कैंपस में
कभी बोट क्लब
कभी बुद्धा गार्डन
कभी किसी मूवी हॉल में
उनका प्यार , उनका साथ बढ़ता जा रहा था





कॉलेज का फाइनल ईयर चल रहा था
अब बस कुछ ही दिन का कॉलेज बाकी था
रेखा और करन बुद्धा गार्डन में बैठे थे
दोनों चुप थे
कुछ उदास से भी थे
अचानक करन बोल पड़ा
"तुम मेरे छोटे शहर में एडजस्ट कर पाओगी ? "
रेखा ने हैरानी से उसकी तरफ देखा था
और हंसकर बोली थी
"हाँ , पर क्या तुम मेरे बड़े से नखरे उठा पाओगे ? "
फिर दोनों खिलखिला के हॅंस दिए थे



और फिर शुरू हुआ वही सोशल ड्रामा
जो हर प्रेम कहानी में होता है
घरवालों का इंकार
परिवारों में तकरार
रोना-धोना
भूख हड़ताल
घर से निकाल देने की धमकी
भाग कर शादी ना कर लें का डर
इत्यादि इत्यादी
पर सब व्यर्थ
ना उन्हें मानना था ना वो दोनों माने

और फिर सब कुछ सुन्दर,सुखद शांत हो गया
सारे तूफ़ान जैसे थम से गए थे
और वो ही हुआ जैसा रेखा और करन चाहते थे



और फिर जून 1977 की एक शाम
रेखा और करन अपने हनीमून के लिए
श्रीनगर डल लेख पर एक शिकारे "कश्मीर की कली " में बैठे थे
करन ने बनारसी साड़ी में सजी,
अपनी दुल्हन बनी रेखा की फोटो खींचते हुए फिर से कहा था

"रेखा देअर इज सो मच ब्यूटी हेयर
बट यू आर दा मोस्ट ब्यूटीफुल थिंग हेयर ,इन दिस मोमेंट "

और रेखा और करन  एक दूसरे की आँखों में देख कर मुस्कुरा दिए थे।

writer-manoj gupta , manojgupta0707.blogspot.com

Tuesday, June 9, 2020

मोगरे के फूल



" प्रिया ,
बरसों बाद 
तुम्हारे अपने घर के आँगन में  
मोगरे के फ़ूल खिले हैं
खुशबू से घर-भर महक रहा है 
वापिस आ जाओ ना "

कॉलेज में शेखर और प्रिया गहरे मित्र थे
इतने गहरे
हर किसी को लगता
दोनों एक-दूसरे के प्यार में हैं
पर वो दोनों दुनिया से दूर
अपने में मस्त
अपने साथ को कोई नाम में
वो दोनों बांधते ही नहीं थे
वो तो बस
अपनी मित्रता को,
एक-दूसरे को प्रेम देने ने,
केयर करने में
एक-दूसरे को जीवन की
कठिन स्तिथी में साथ देने में
मशगूल रहते
संक्षिप्त में
दोनों को बस
एक-दूसरे का साथ भाता था

कॉलेज ख़त्म हुआ
दोनों दौड़े अपने-अपने क्षितिज को छूने
क्षितिज दोनों के अलग-अलग थे
शेखर कवि प्रवृति
प्रिया भौतिकवादी
कुछ सालों में
दोनों ही कामयाब हुए थे
शेखर की कवितायेँ,कहानियां छपने लगी
प्रिया एक मल्टीनेशनल में उच्च पद पर पहुँच गयी
अचानक एक दिन
पूरी दुनिया को ख़याल आया
उनकी शादी का
पूरी दुनिया ने बहुत ढूंढा
दोनों को कई लोगों से भी मिलाया
पर कुछ जमा नहीं

बरसों बाद
कॉलेज रीयूनियन में
दोनों फिर से मिले
वही दोस्त
वही लाइब्रेरी
वही छत्त पर प्रेमियों के मिलने के लिए एकांत कोने
वही मोगरे के फूलों की
खुशबू बिखेरती क्यारियां
वही कैंटीन

सब हैरान थे,
कैसे
प्रिया और शेखर साथ नहीं हैं
उन्हें तो होना चाहिए था
उन सब के जताने से
अब प्रिया और शेखर को भी लगा
हाँ
क्यों नहीं
ठीक रहेगा
बस बँध गए दोनों बंधन में
पूरी दुनिया अब खुश थी
की चलो बँधे तो
दोनों आ गए ,शेखर के घर
उपहार स्वरूप ,मित्रों ने
मोगरे के फूलों का पौधा भेंट दिया था
प्रिया ने बड़े प्यार से
उस पौधे को
आँगन में एक पूरा आसमान दे दिया
जहाँ से पूरी कायनात दिखती थी
सूरज रोज़ जीवन दे पाता था
रात में चाँद और तारे बातें कर पाते थे
मौसम आता तो उस पौधे में मोगरे के अनगिनत फूल खिलते
खुशबू से पूरा घर भर महकता

दो-तीन मौसम बाद शेखर को लगने लगा
खुशबू घर के बाहर तक आती है
आते-जाते लोग फूल तोड़ना चाहते हैं
उसने पौधे को घर के अंदर रख दिया
सुरक्षित
पौधे ने खूब समझाया था
पर शेखर नहीं माना
और अब
अब पौधा मुरझाने लगा था
और एक दिन खुशबू कहीं खो गयी

अगले कई मौसम ऐसे ही
पतझड़ ही निकल गए
मौसम आते चले जाते 
पर फूल
फूल आते ही नहीं थे
और एक उदास दिन 
जब सावन की पहली बारिश आयी 
उदास शेखर बाहर आँगन में आ गया
और अतृप्त सा बारिश में भीगने लगा
शेखर का तन-मन-आत्मा सब सराबोर हो रहे थे 
अचानक बारिश ने रूककर 
धीरे से शेखर से कहा
"पौधा भी तो बस इतना ही चाहता था ना"
शेखर भागता सा गया और
लाकर पौधे को फिर से वही रख दिया
उसी जगह
जहाँ
जहाँ से पूरा आकाश दिखता था
सूरज रोज़ जीवन दे पाता था
रात में चाँद और तारे बातें कर पाते थे
और कुछ ही दिन बीते थे
उस पौधे में फिरसे अनगिनत फूल खिले
खुशबू से पूरा घर भर महकने लगा

बदहवास से शेखर ने प्रिया को फोन मिलाया
प्रिया धीरे से बोली
" बोलो शेखर "
शेखर रुंधे गले से
बस इतना ही बोल पाया
" प्रिया ,
बरसों बाद 
तुम्हारे अपने घर के आँगन में  
मोगरे के फ़ूल खिले हैं
खुशबू से घर-भर महक रहा है 

वापिस आ जाओ ना "


--------------------------------------------------------------------------------------------
प्रिय मित्रों ,
आप से आग्रह है ,
कृपया आप मेरी और भी कहानियाँ और कवितायें पढ़ने के लिए मेरे ब्लॉग पर आये :)
manojgupta707.blogspot.com













Thursday, June 4, 2020

अर्पिता

(  मैं ये आपको पहले ही बता दूँ की इस कहानी का सेटअप यानि समयकाल
मेरी ही तरह ,70s में पैदा होने वाले लोगों पर आधारित है।
तो अगर आप 70 s से पहले या बाद में पैदा हुए है
तो शायद रिलेट ना कर पाए.
ऐसे में कृपया बेवजह क्रिटिकल ना हों
और बस कहानी का मज़ा लें  :)  )

अर्पिता भी गौरव के स्कूल में ही पढ़ती थी
स्कूल की सबसे ख़ूबसूरत लड़की थी वो

अर्पिता लड़कियों की उस प्रजाति को रिप्रेजेंट करती थी  ,
जिसके पीछे स्कूल और कॉलेज में लड़के आपस में लड़ते है
हर लड़का ,
फिर चाहे वो खुद कैसा भी हो ,
इनके बारे में कुछ ना कुछ जरूर कहता है
जिन लड़कों की अर्पिता से दोस्ती हो जाती है,
वो अपने सारे इनर सर्किल में यही कहते है की
अर्पिता उनकी गर्लफ्रेंड है
जिनकी केवल कैसुअल ही बातचीत हो पाती है,
वो अपने दोस्तों में कहते हैं की अर्पिता उसकी गहरी दोस्त है ,
( मतलब गर्लफ्रेंड बनने से बस एक कदम पहले वाली स्टेज )
जो अपने किसी काम्प्लेक्स की वजह से अर्पिता से बात तक नहीं कर पाते ,
वो कहते है -
" यार ये तो बस शक्ल की ख़ूबसूरत है ,
दिल से तो बिलकुल ईविल है 
मैं तो इससे दूर ही भला  "

पर सबसे गजब तो वो लड़के होते हैं ,
जो कभी कॉंफिडेंट लड़कियों की "ना " सुन ही नहीं पाते  
लड़कियों का उनके साथ बराबरी से बात करना 
या यूं कहें की 
बल्कि लड़कों से भी एक-आध इंच और ऊपर होकर बात करना 
बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं कर पाते,
तो 
वो लड़के ऐसी अर्पिता लड़कियों को कहते है
 "चालू"   :)

ये अर्पिता लड़कियां इस सब से बेफिक्र बिंदास
बस अपनी ज़िंदगी जिए जाती हैं
अपने मनमुताबिक
अपनी शर्तों पे
बिना किसी लाग-लपेट के
उनको जिससे बात करनी होती है,करतीं है
जिससे नहीं करनी होती ,नहीं करती
बदतमीज़ी करने वालों को जम के सब के सामने लताड़ती भी है
जिससे फ्रेंडशिप करने का मन होता है ,
खुले में कह कर करतीं है
और जब कोई रिलेशन ख़त्म करना होता है तो
ठीक से साफ़-साफ़ ख़त्म करके ,
आगे बढ़ जाती है
शायद फिर किसी और रिश्ते में
चाहे फिर वो 2 -4 दिन में ही क्यों ना हो जाए
लोग क्या कहेंगे की इन्हे कभी ज्यादा परवाह नहीं होती
ना वो किसी रिलेशन के एन्ड होने पे ये महीनों उदास गाने सुनती है
और ना ही कोई नाटकीय ब्लेम गेम करती हैं
यूँ कहे तो काफी प्रैक्टिकल अप्रोच रखती है
ये ज़िंदगी के बारे में

इस कहानी की अर्पिता भी बिलकुल ऐसी ही थी
वो गौरव की जिंदगी में बार-बार आती रही थी
और गौरव की ज़िंदगी को जीवंत करती रही थी

स्कूल में तो गौरव इतना लो-कॉंफिडेंट था की
वो कभी अर्पिता से बात ही नहीं कर पाया
उस समय अर्पिता के बारे में स्कूल में लड़कों के बीच रोज़ ही बातें होती थी
उसके बारे में पल-पल की खबर फैली-फैलाई जाती थी
आज कैसी दिख रही है
वो आजकल किसको डेट कर रही है
अब उसका ब्रेकअप हुआ
अब ये उसका बॉयफ्रेंड है
ऐसे अनेक दावे अनेक लड़के समय-समय पे करते रहते थे
और कई लड़के जो कभी उससे बात भी नहीं कर पाते थे
वो बिना नागा रोज उसके पीछे जाकर ,
उसे घर तक छोड़ के आते थे
हाइप तो तब हुयी
जब अर्पिता का एक सो कॉल्ड एक्स बॉयफ्रेंड फेल हो गया
तो इसका ठीकरा भी फूटा अर्पिता के सर पे
के अर्पिता के प्यार में
बेचारा आशीष फेल हो गया :)

वैसे गौरव अर्पिता के पीछे घर तक तो कभी नहीं गया था
पर हाँ अक्सर शाम को वो और उसके दोस्त
अर्पिता के फ्लैट के करीब-करीब नीचे वाले
चौमिन सेण्टर पे जरूर जाया करते थे
हाथ वाला काँटा चौमिन में
और नज़रों का काँटा अर्पिता की बालकनी पे
ख्वाइश एक ही
शायद कहीं वो बालकनी में दिख जाए
जन्माष्टमी ,जागरण का चन्दा लेने भी
अर्पिता के घर जरूर जाया जाता
खवाइश फिर वही
अर्पिता को उसके घर वाले अवतार में देखने भर की

स्कूल ख़त्म हुआ तो
अर्पिता के किस्से को कुछ विराम मिला
पर ठीक 3 साल बाद कॉलेज में गौरव और अर्पिता
दोनों फिरसे आमने-सामने थे
गौरव ने तो सब लड़कों को सगर्व बता दिया था की
अर्पिता उसकी स्कूल मेट थी
पर गौरव का दुर्भाग्य की अर्पिता ने उसे "हाय" भी नहीं किया था
अब उसने गौरव को स्कूल में कभी नोटिस ही नहीं किया था
या जानबूझ कर कॉलेज में इग्नोर कर रही थी
ये तो मालूम नहीं
खैर जब दोनों सेम कॉलेज में थे तो जान-पहचान तो होनी थी
तो हो गयी
यहाँ भी वही
अर्पिता तो बिंदास अपने एक सीनियर के साथ डेटिंग में थी
और गौरव बाबू ने प्रोपोज़ किया अर्पिता की ही फ्रेंड नाज़ को
और रिजेक्ट हो गया
तो गौरव जे ने अपने मन में और दोस्तों के ग्रुप में
अपने रिजेक्ट हो जाने का ठीकरा भी फोड़ा अर्पिता के सर पे-

"के भाई इस अर्पिता ने ही नाज़ को मेरे बारे में 
जरूर कुछ ना कुछ उल्टा-सीधा बोला होगा
वर्ना मैं तो रिजेक्ट हो ही नहीं सकता  "

खैर ऐसे ही कुछ कुछ खट्टे-खट्टे अंगूर यानि की साल निकल गए
कॉलेज ख़त्म हो गया
सब कर्रिएर, शादी, फिर बच्चों के दौड़ में थे
गौरव को खबर मिली की
अर्पिता की उसी कॉलेज सीनियर डेटिंग वाले स्टड से सगाई हो गयी है
फिर कुछ दिन बाद खबर मिली की सगाई टूट गयी है
फिर कुछ दिन बाद एक और खबर मिली की अर्पिता की शादी हो गयी
वो भी एक बहुत अमीर अमदावाद के इंडस्ट्रिलिस्ट के साथ
गौरव चकरा गया था
यार ये लड़की है के क्या है
ये तो शताब्दी से भी तेज़ दौड़ती है
वो भी जिंदगी की रेल पे
एक स्टेशन ठीक से छोड़ा नहीं और दूसरे स्टेशन की और दौड़ पडी
गौरव को याद आयी 
अर्पिता की कॉलेज में कही हुयी एक बात
उस बात को कॉलेज में जिस भी लड़के-लड़की  ने सुना था
अर्पिता को "चालू" घोषित कर दिया था 
अर्पिता ने कहा था -
"देखो यार ये प्यार-व्यार सब ठीक है 
कॉलेज तक अच्छा लगता है 
पर शादी उससे करूंगी 
जो अमीर होगा,
पर दिखने में मुझसे 18 होगा :)
(सबने पुछा ता ये दिखने में 18 क्यों ?
वो बोली थी- 
यार अगर मुझसे ज्यादा हैंडसम होगा ना 
तो पूरी जिंदगी इधर-उधर मुँह  .....:) )

यार देखो ,
आज तक मैंने एक मिडिल-क्लास लाइफ बिताई है 
पूरी जिंदगी ऐसे ही थोड़ी बितानी है 
तो पति तो अमीर होना ही चाहिए 
और हाँ ,मैं उससे प्यार करती हूँ या नहीं 
ये जरूरी नहीं 
पर वो मुझसे पागलों की तरह प्यार करता हो 
शादी करने के लिए ये बेहद जरूरी है "

गौरव और सारे ग्रुप ने उस समय सोचा था
यार ये लड़की कितनी चालू है
कितनी अनरोमांटिक ,
पैसे के पीछे भागने वाली
लालची,
मतलबी
और ना जाने क्या-क्या

पर आज वास्तविकता के धरातल पर आने के बाद
गौरव सोचता है
की यार कॉलेज में जिस समय वो खुद इतना बड़ा बुद्धू था
कुछ नहीं पता था उसे
जीवन और जीवन की कठोर हक़ीक़तों के बारे में
ये अर्पिता उसी समय में अपने आप में कितनी क्लियर थी
उसे ठीक-ठीक पता था की उसे लाइफ में क्या चाहिए
जब क्लियर थी तो लाइफ जो चोइसस उसे देती गयी
वो अपनी प्रायओरिटी से उसमे से चुनती गयी
आगे बढ़ती गयी
और आज खुश है अपनी लाइफ में

अर्पिता आज भी गौरव को
ऑन एंड ऑफ कहीं ना कहीं मिलती ही रहती है
हमेशा खुश दिखती है
कभी कोई रिग्रेट नहीं करती
वो अब भी वैसी ही है
जैसी पहले थी
बिलकुल "अर्पिता" .


Saturday, May 30, 2020

आपने कभी मेरे लिए किया ही क्या है

"आपके बेटे विपिन ने आपको थप्पड़ मार दिया "
"ये आप क्या कह रहे हैं चाचाजी "

फोन पर सतप्रकाश जी की बात सुनकर लगभग चीखते हुए कहा था मनु ने
उसका फोन उसके हाथ से छूटते -छूटते बचा था 
उधर दूसरी ओर फोन पर सतप्रकाश जी छोटे बच्चे की तरह लगातार रोये जा रहे थे 
पता नहीं वो मनु की कोई बात सुन-समझ भी रहे थे या नहीं 
मनु देर तक उनको सांत्वना देता रहा 
पर जब वो चुप हो ही नहीं रहे थे तो 

उसने -" अभी तो रात काफी हो गयी है 
              मैं कल सुबह आता हूँ चाचाजी "

धीरे से बस इतना कहकर ,
भरे मन से मनु ने फोन रख दिया था 

असल में सतप्रकाश जी , मनु की पत्नी नेहा के चाचा थे 
सतप्रकाश जी की पत्नी का देहांत हो चुका था 
और अब वो अपनी इन्कमटैक्स अफसर की पोस्ट से भी रिटायर हो चुके थे 
वैसे तो मनु का सतप्रकाश जी से कोई इतना पास का रिश्ता नहीं था
पर सतप्रकाश जी के स्वाभाव की सरलता कहिये या फिर 
उनका टैक्स मामलों का जानकार होना 
मनु पहली मुलाक़ात में ही उनसे बहुत प्रभावित हुआ था 
सतप्रकाश जी अक्सर मनु को फोन करते थे
और मनु को भी उनका फोन आना अच्छा लगता था 
क्योकि मनु को हमेशा कुछ नया सीखने को ही मिलता था
पर ये आज का फोन तो सचमुच में विचलित करने वाला था 
बिस्तर पे पड़े-पड़े मनु को अपना दिमाग घूमता सा लग रहा था 
बार-बार एक ही सोच उसके दिमाग में  थी की 
ये क्या अनहोनी है 
विपिन थोड़ा गुस्से वाला तो था पर अपने ही पिता पर हाथ उठाना ...
कैसे ......और क्यों ...
इसी उधेड़बुन में रात भर वो करवटें बदलता रहा 
क्या कारण होगा ?
ये सब क्यों हुआ होगा ?

किसी तरह रात कटी 
सुबह के आठ बजे ही मनु सतप्रकाश जी के घर पहुंच गया 
दरवाज़ा विपिन ने ही खोला था 

"नमस्ते जीजाजी "

विपिन ने आँखे चुराते हुए धीरे से बोला था 

"नमस्ते"

मनु ने उसे बुरी तरह घूरते हुए लगभग मुँह ही मुँह में बोला 
विपिन को इसका ठीक अंदाज़ा था 
इसीलिये वो आज मनु से आँखें ही नहीं मिला रहा था 
उस बैठक में नितांत खामोशी थी 
उन तीनो के अलावा बाकी हर आवाज़ साफ-साफ सुनाई दे रही थी
पंखे के घूमने की, अंदर किचन में बनती चाय का पानी उबलने की 
यहाँ तक की बाहर बालकनी में चहचहाती चिड़िया की भी  
एक तरफ मनु और सतप्रकाश जी बैठे थे 
और उन दोनों के बिलकुल सामने अपराधियों की तरह सर झुकाये , विपिन 
वो लगातार जमीन को ही देखे जा रहा था 
आखिरकार मनु को ही बोलना पड़ा 
वो काफी सख्त लहज़े में बोला था 

"ये मैं क्या सुन रहा हूँ विपिन "

कुछ देर की खामोशी के बाद विपिन ने धीरे-धीरे बोलना शुरू किया 

"आपने ठीक सुना है जीजाजी "
"पर मैं शर्मिन्दा नहीं हूँ "

मनु अवाक सा विपिन को देख रहा था 

वो गुस्से में कुछ बोलता इससे पहले ही विपिन ने फिर बोलना शुरू कर दिया 

"इस आदमी ने मेरी जिंदगी तबाह की है 
अरे बाप का फ़र्ज़ होता है अपने बेटे के लिए कुछ करना 
पर इस आदमी ने कभी बाप का फ़र्ज़ निभाया है ?
क्या दिया है इसने हमें पूरी जिंदगी 
झूठी ईमानदारी की खोखली जिंदगी 
अरे इसके ऑफिस के चपरासी भी आज पॉश कॉलोनियों में कोठियां बनाये बैठे है 
और हम इस स्लम में पचीस गज़ के मकान में सड़ रहे हैं 
आपको पता है मेरी माँ क्यों मर गयी ?
इसकी वजह से 
इसने मारा धीरे-धीरे उसके सपनों को 
उसकी इच्छाओं को 
इसको तो भगवान् बनना था ना 
तो ये बन गया 
मेरा इन्कमटैक्स में सिलेक्शन हो रहा था 
इसको बस एक फ़ोन करना था अपने ऑफिस में 
पर ये तो गांधी जी का अवतार है ना 
नहीं किया
अब दस साल से सड़ रहा हूँ अब एक पंद्रह हज़ार की प्राइवेट नौकरी में 
जीजाजी, मैंने सह लिया 
पर कल इसने मेरे बेटे के साथ भी वही किया 
दिल्ली स्कूल में प्री-नर्सरी  में एडमिशन कराना था आदि का
डोनेशन कहाँ है मेरे पास 
तो मैं प्रिंसिपल से मिला 
वो बोलीं के -"एक इन्कमटैक्स का छोटा सा प्रॉब्लम है हमारा 
आप करा दो,
मैं बगैर डोनेशन एडमिशन कर दूंगी "
अब वो लगभग चीखते हुए दांत पीसते हुए सतप्रकाश जी को घूरते हुए बोला 
"मैं अफसर से भी मिल आया ,वो इनका पुराना जूनियर 
वो बोला - "कोई दिक्कत ही नहीं है, आप बस सर से फोन करा दो "
"इस कमीने से इतना नहीं हुआ की बेटे का जीवन तो खराब किया 
कम से कम पोते के लिए तो कर देता 
इसने फिर नहीं किया " 
"हम दोनों मियां-बीवी ने कल रात इसके खूब हाथ जोड़े 
पैर पड़े 
पर मजाल है ये गांधी बाबा का चेला टस से मस भी हो जाए "
फिर जीजाजी मुझसे रहा नहीं गया और मेरा हाथ ..... "

(अब वो बहुत धीरे से मगर शांत, सधे स्वर में बोला था )

विपिन की आवाज़ में कोई पछतावा नहीं था 
ऐसा लग रहा था जैसे उसने कोई वर्षों से लंबित इन्साफ किया हो 
तभी पीछे से विपिन की पत्नी सुमन आयी 
वो चाय टेबल रखते हुए धीरे से बोली 

"जीजाजी अब हम थक गए है 
  पापाजी के आदर्शों के साथ अब सांस भी लेना हमारे लिए मुश्किल है 
मेरे भैया का बड़ा कारोबार है 
वो तो सालों से कह रहे थे की -
"जब प्राइवेट नौकरी ही करनी है तो मेरे यहाँ ही कर लो 
हम तो बाबूजी की वजह से नहीं जा रहे थे 
पर अब और नहीं 
भैया की फैक्ट्री में ही दो रूम का सेट बना हुआ है 
हम वहीँ रह लेंगे और ये फैक्ट्री सुपरवाइजर का काम देख लेंगे "

मनु ने मुड़कर सतप्रकाश जी की ओर देखा 
उन्होंने दोनों हाथों से अपने चेहरे को ढका हुआ था 
वो लगातार फूट-फूट कर रोये जा रहे थे 

मनु खुद कंफ्यूज हो गया था की 
यहाँ  कौन अपराधी है ?
और वो किसको क्या समझाये 

"चाचाजी .....मैं आपसे बाद में मिलता हूँ "

ये कहकर मनु धीरे से उस घर से बाहर निकल गया 
अपनी गाड़ी में बैठा वो खुद पता नहीं कितनी देर तक 
फूट-फूट कर रोता रहा 
उसके कानों में बार-बार अपने खुद के कहे शब्द गूँज रहे थे 
जो उसने कभी बरसों पहले अपने पापा को कहे थे 

"आपने कभी मेरे लिए किया ही क्या है 
  अरे बाप तो ऐसे होते हैं की ..........   "

---------------------------------------------------------------------------------------------------







पांच परमेश्वर ,दो मशीनें


सरस्वती एक बड़ा ही आम सा ,
साधारण सा किरदार है

अगर आपने कभी भी अपनी दादी-नानी के जीवन को सुना होगा तो पाएंगे की
उस समय की हर दुसरी-तीसरी लड़की में कम या ज्यादा
पर थोड़ी सी सरस्वती तो हर किसी में मौजूद है

सरस्वती करीब 1930 में एक साधारण से परिवार में जन्मी
15 -16 वर्ष की उम्र में ब्याह दी गयी
अब पांच जमात तक पढ़ गयी थी
खाना बनाना, चौका-बर्तन
सिलना,काढ़ना भी सीख लिया था
पांच छोटे भाई बहन भी थे ,
तो माँ कैसे बनते हैं
वो ट्रेनिंग भी पूरी हो चुकी थी
अब और क्या बाकी था सीखने करने को
एक मशीन बिलकुल तैयार हो चुकी थी
बच्चे पैदा करने -पालने
और घर का चौका-चूल्हा सँभालने लायक भर
तो ब्याह दी गयी
अपने से करीब दस वर्ष बड़े सजातीय को

पति साक्षात परमेश्वर थे
दिन में नौकरी करना
शाम होते ही अन्य देवताओ की तरह रोज़ सोमरस पान
और अन्य स्त्रियों का उद्धार
अब भद्र पुरुषों को इन सभी पुण्य कर्मों की इज़ाज़त तो हर धर्म में है

पर हाँ परमेश्वर आये चाहे देर रात
या अगले दिन सुबह तड़के
अपना पति धर्म निभाना वो कभी नहीं भूलते थे
सो एक के बाद एक 8 संताने वो भी केवल अगले 12 वर्षों में
उन्होंने सरस्वती की झोली में डाल दी थी
उनकी कृपा से सरस्वती की झोली इतनी भरी इतनी भरी की
बस अब फटी बस तब फटी
वैसे सरस्वती को ज्यादा परेशानी बस 4 बच्चो तक ही हुयी
क्युकी उसके बाद तो सबसे बड़ी बेटी शारदा
सात बरस की हो गयी थी तो
एक और छोटी सी मशीन तैयार हो रही थी
उसे भी तो आखिर जल्द ही तैयार होकर पराये घर जाना था
तो आने वाले बच्चे भी पले जा रहे थे
और शारदा की ट्रेनिंग भी हो रही थी
सब कुछ शान्तिपूर्वक और पूर्वनियोजित ढर्रे पर चल रहा था

बस थोड़ी सी परेशानी ये शुरू हुयी की अब
घर में खाने वाले 12 लोग हो गए
(सास-ससुर भी तो थे )
पति परमेश्वर तो पहले ही सोमरस के दीवाने थे तो कुछ
उनकी सोमरस के प्रति दीवानगी थी
और कुछ पर-स्त्रियों का उद्धार करते रहने का
उनका कर्तव्य
कमाई लगातार गिरती जा रही थी
खर्चा बढ़ता जा रहा था
तो उसका भी रास्ता ये निकला
के सरस्वती के दहेज़ में आयी सिलाई मशीन से
जिसने अब तक बस सारे परिवार के ही बच्चों-बड़ों के सारे कपडे सीए थे
उसको भी और काम दिया गया
अब उसने सारे पड़ोस के बाल-बच्चों के कपडे,
स्त्रियों के ब्लाउज़, पेटीकोट, पुरुषों के कच्छे
भी सीने शुरू कर दिए थे
अब घर में ढाई मशीनें थी
डेढ़ हाड मांस की और
एक लोहे की
बहुत कुछ ज्यादा फ़र्क़ तो नहीं आया था
बस इतना था के ये ढ़ाई मशीनें दिन के चौबीस घंटे काम कर रही थी

समय एक मंथर गति से बीत रहा था
चारों बेटे पांचवी के बाद छठी कक्षा में
और बेटियां सरस्वती के ट्रेनिंग स्कूल में
दाखिला ले रहे थे
एक समय तो ऐसा अच्छा भी आया की घर में छ: मशीनें हो गयी थी
पांच हाड-मांस की और एक लोहे की
इन सब में जान हलकान हो रही थी लोहे वाली मशीन की
उसको तो कोई दम ही नहीं मिल रहा था
कभी सरस्वती ,कभी शारदा,कभी छुटकी ,कभी बड़की ,कभी मंझली
ये पाँचो ने उसका जीना मुहाल किया हुआ था
एक उठती थी तो दुसरी बैठती थी ,फिर तीसरी,चौथी,पांचवी
वैसे उस वक़्त का लोहा भी कमाल का ही रहा होगा
और हाड-मांस तो उस लोहे से कहीं आगे
इतने सालों लगातार ये सिलाई मशीन बिना रुके दिन-रात चलती ही जा रही थी
जैसे सरस्वती के साथ-साथ ,
पूरे परिवार का बोझ उठाने का सारा ठेका इसी ने लिया हुआ हो

अच्छे दिनों का ये क्रम टूटा शारदा की शादी से
पहले वो अपने घर गयी
फिर उसके बाद एक-एक करके सारे लड़के अपनी पढ़ाइयों के लिए पास के शहर में
और लड़कियाँ अपनी ट्रेनिंग पूरी करते ही
किसी पराये घर की मशीन बनने

अब घर में बस दो मशीनें और एक टूटा हुआ बीमार परमेश्वर रह गया था
उसके शरीर ने बहुत उद्धार किये थे
देवता होने का फ़र्ज़ भी खूब शिद्दत से निभाया था तो
अब काफी थक गया था
तो अब सारा दिन घरपर पर ही रहकर
सरस्वती को दिव्य ज्ञान दिया करता
वैसे ठीक ही चल रहा था
दो मशीने थी और खाने वाले भी बस तीन ही रह गए थे
( क्युकी अब तक सास-ससुर स्वर्ग का आनंद उठा रहे थे )
तो खाना का इंतज़ाम तो हो ही जाता था

दिक्कत तब होती थी जब
अलग-अलग शहरों में रह रहें चारोँ छोटे परमेश्वरों में से कोई सरस्वती को याद करता
पर पता नहीं ऐसा क्या इत्तेफ़ाक़ था की
ऐसा तभी होता जब उनकी पत्निया पेट से होती
हर बार उन दो महीनों में सरस्वती को तो कुछ ख़ास फ़र्क़ नहीं पड़ता था
क्युकी उसके लिए तो ये रोज़ जैसा ही होता था
वही मशीनी जीवन ,
अब मशीन दिल्ली में चले या मुंबई में
क्या फ़र्क़ पड़ता है
बड़े परमेश्वर के घर नहीं तो छोटे परमेश्वरों के घर ही सही
पर उन दिनों में बड़े परमेश्वर बड़े व्याकुल हो जाते थे
उनको अकेले खुद अपना खाना बनाना,कपडे धोना जो करना पड़ता था  ,

अब कहाँ परमेश्वर और कहाँ ये सब तुच्छ काम...

ऐसी ही एक बार जब सरस्वती अपने तीसरे नंबर के परमेश्वर के यहाँ बच्चा जनवाने में थी
तो खबर आयी
बड़े परमेश्वर चले गए
तब चारों छोटे परमेश्वर ,चारों छोटी मशीनें और उनके बड़े-छोटे सारे परमेश्वर-मशीनें एकत्रित हुए थे
संस्कार हो गया था
सरस्वती की सारी छोटी मशीने जा चुकी थी
बैठक में सरस्वती के चारों छोटे परमेश्वर आपस में बात कर रहे थे

छोटे परमेश्वर 1 -" मैं ले तो जाता पर मुंबई में 4 ही कमरे का ही तो फ्लैट है
                           एक हमारा, दो बच्चों के ,एक गेस्ट रूम , 
                           अब जैसे हम पले इस दबड़े में वैसे अपने बच्चों को तो नहीं पाल सकते ना "

छोटे परमेश्वर 2 - "दिल्ली तो तुम जानते ही हो ,
                           कितना पोलुशन है वहां
                           माँ को सांस की बीमारी है
                           अब माया भी कितनी एलर्जिक है
                           और वैसे भी दोनों की...
                           तुम लोग तो जानते ही हो "

छोटे परमेश्वर 3 - "मैं ले जाता हूँ
                           पर मेरी एक शर्त है
                           इस मकान को बेच कर सारा पैसा मैं लूंगा
                           बाकी तुम लोग देख लो  "

ये सुनते ही चौथा छोटा पमेश्वर जो अब तब तीनों बड़े भाइयों को शांति से सुन रहा था,
सात साल में पहली बार भारत आया था
चीखते हुए बोला -
                            "कितने कमीने हो तुम तीनों
                             मैं अगर अमेरिका में ना रह रहा होता ना
                             तो मैं माँ को कभी यहाँ नहीं छोड़ता
                             अरे मैं तो दूर हूँ , विदेश में हूँ  ,आ नहीं सकता
                             पर तुम तो यहीं हों ना
                             जब भी माँ को फोन करता हूँ ,
                             बीमार होती है
                             तुम में से कोई डॉक्टर को भी नहीं दिखाता उसे "

और उसके बाद सरस्वती के वो चारों छोटे परमेश्वर ,
जोर-जोर से चीख-चीख कर एक-दूसरे को जाने क्या-क्या दिव्य ज्ञान देने लगे

अंदर कमरे में खड़ी सरस्वती ने मुड़ कर अपनी सिलाई मशीन की तरफ देखा
सिलाई मशीन तो पहले से ही एकटक उसी की ओर देख रही थी
दोनों सखी एक दूसरे को देख कर हँसी
एक पूरा युग साथ बिताया था उन्होंने
दोनों एक-दूसरे के मन का कहा-अनकहा खूब समझती थीं
मन ही मन दोनों ने अपनी-अपनी हाड-हड्डियों का परीक्षण-निरीक्षण किया
दोनों ने बस इतना ही सोचा

अभी और कुछ साल साल चलना होगा।
                           






Tuesday, May 26, 2020

दो-दो मनोज

बात 1976 की है
पवन एक बहुत ही प्यारा
ढाई साल का
नन्हा-मुन्ना
सांवला सलोना सा
खुशदिल बच्चा था
वैसे तो उसका घर दिल्ली में था
पर आज वो माँ सावी और पापा रज्जन के साथ उनके गांव आया हुआ था
उसने देखा ,आज गांव वाले घर में बहुत चहल-पहल है
सब बहुत खुश लग रहे थे
एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं
गले मिल रहें हैं
आँगन के एक ओर हलवाई ,
पवन के मनपसंद गुलाब-जामुन बना रहे थे



पंडित जी भी आये हुए थे
वो आँगन के बीच में बैठे कुछ सामान संभाल रहे थे
फूलमाला, लकड़ियाँ ,और भी पता नहीं क्या-क्या सामान था
फिर सब लोग भी पंडित जी के पास आ गए
पापा, मम्मी, अम्माँ ,बाबा चाचा ,चाची और भी बहुत सारे लोग

वो सब लोग आकर पंडित जी के आसपास बैठ गए
पवन ने देखा, चाचा-चाची पंडित जी के बिलकुल सामने बैठे है
और चाची की गोदी में रखे तौलिये में एक छोटा सा बच्चा है
पवन ,चाची से बोला-
 " चाची ये कौन है  "
( पवन ने उंगली से चाची की गोदी की ओर इशारा करते हुए पूछा  )
ये सुनकर चाची हँसी और बोली -
"पवन ये तेरा छोटा भाई है "
अब तो पवन चाची के बिलकुल पास आकर बैठ गया
पवन ने जैसे ही उस छोटे से बच्चे की हथेली को अपनी उंगली से छुआ
उस बच्चे ने पवन की उंगली अपनी मुठ्ठी में कस के पकड़ ली
पवन बहुत खुश हो गया
पवन ने देखा वो एक छोटा सा सुन्दर हाथ था
जिसपर एक काला धागा बंधा हुआ था
अभी पवन इसी धुन में खोया हुआ था की
पंडित जी ने मंत्रोचारण शुरू कर दिया
हवनकुंड में एक-एक कर सारी लकड़ियाँ और सारी सामग्री डाली
पवित्र अग्नि प्रजव्लित हो रही थी


उसके बाद पंडित जी ऐलान  किया-
"जजमान सिंह राशि है , बच्चे नाम "म " से होगा "
पवन के चाचा केशव तुरंत बोल पड़े -
"फिर तो मनोज कुमार रख देते है "
साथ बैठे सभी लोग हँसे
केशव चाचा के दोस्त सुधीर बोले-
"केशो मुझे पता है तू मनोज कुमार के पीछे कितना पागल है
 भाभी आपको पता है
ये "उपकार" और "शोर" फिलम कितनी बार दिल्ली देख आया है  ? "
केशव चाचा हॅंस कर बोले -

"अबे नाम रखने से 
अगर मेरा बेटा मनोज कुमार की तरह बड़ा फ़िल्मी सितारा बन जाए तो 
  अच्छा ही है ना  "

( 60s और 70s में मनोज कुमार टॉप के हीरो थे और केशव चाचा के फेवरेट :) 
पूर्व और पश्चिम, उपकार, रोटी कपड़ा और मकान , शोर जैसे अनगिनत बेहतरीन फ़िल्में उन्होंने की हैं 
उनकी इन्हीं देशभक्ति की फिल्मों की वजह से 
उन्हें आज भी "भारत कुमार" कहते हैं :)  )

पवन ऊपर मुंडी करके इन सब की बातें सुनने-समझने की कोशिश कर रहा था
पवन साथ बैठी माँ (सावी) से बोला -
"माँ ये मनोज  कुमार कौन है "
सावी- "बेटा मनोज कुमार  एक बहुत बड़ा फ़िल्मी हीरो  है "
पवन- "और पवन  "
सावी- "पवन तुम्हारा नाम है बेटा "
पवन-"नहीं , मैं पूछ रहा हूँ और पवन कौन है "

( सावी अब तक पवन की इन बे-सरपैर की बातों सी खीज चुकी थी
तो  पीछा छुड़ाने लिए बोल दिया  )

" नहीं पवन नाम का कोई कुछ नहीं है ...बस खुश ..अब बस तू चुप हो जा "

उस सारी रात नन्हा पवन सोया नहीं
उसने सोचा उसका नाम पवन है
और पवन नाम का तो कोई कुछ नहीं है

उसे लगा ये छोटा सा बच्चा तो मनोज कुमार नाम रखके एक दिन बड़ा आदमी बन जाएगा 
और वो ऐसे ही रह जाएगा

और सुबह उठते ही जो भी उसे मिला
उससे पवन ने बस इतना ही कहा -
"आज से मेरा नाम भी मनोज कुमार है
  पवन नाम से मैं बोलूँगा ही नहीं "

सब खूब हँसे :)
खूब समझाया
पर पवन टस से मस ना हुआ
अब तो कोई भी उससे उसका नाम पूछता तो वो  मनोज कुमार ही बताता :)
स्कूल के दाखिले के समय टीचर के पूछने पर उसने अपना नाम मनोज कुमार ही बताया :)
तो स्कूल में भी उसका नाम मनोज ही लिखा गया
आखिरकार रज्जन और सावी ने भी समझौता कर लिया
उसे मनोज ही कहना शुरू कर दिया

उधर गांव में केशव चाचा के बच्चे को भी उसका नाम मनोज ही बताया जा रहा था
बीच में उसका नाम कुछ और रखने की कोशिश भी हुयी
पर अन्तः उसका नाम भी मनोज ही पक गया

तो अब एक ही परिवार में "दो-दो मनोज" हो गए थे :)

फ़र्क़ बस इतना ही हुआ की
जब-जब बातचीत में दोनों की बात एक साथ होती तो
पहचान के लिए रज्जन के बेटे को "दिल्ली वाला मनोज "
और केशव के बेटे को "गांव वाला मनोज"
कहा जाता है :)

आज 44 साल बाद भी ऐसा ही चल रहा है :)
तो सब इस बात पे खूब हँसते है
सब दिल्ली वाले मनोज से पूछते भी हैं की उसने ये अपना नाम पवन से मनोज क्यों किया
पर दिल्ली वाला मनोज किसी को क्या बताये की

उस वक़्त उसके मन में छोटे भाई के लिए कैसी इर्षा जाग गयी थी
उसके बालक मन ने सोचा की 
जो भी सबसे बेहतर चीज़ हो 
वो बस मुझे ही मिले,
किसी और को नहीं
मेरे अपने छोटे भाई को भी नहीं :(

#मन7 

#बचपन #bachpan manojgupta0707.blogspot.com

---------------------------------------------------------------------------------------------







  

Sunday, May 24, 2020

दीपू के भैया मनु की शादी

बात सन 1996 की है
तब दीपू एक सात साल का
छोटा सा,प्यारा सा,सांवला सा :) बच्चा था


दीपू की ख़ास बात थी उसके बाल
वो सामने से ऐसे थे
जैसे मोर की कलगी होती है ,
या फिर दूल्हे के सेहरे पे लगा ब्रोच होता है  :)
वैसे तो दीपू हमेशा ही खुशबाश रहता था
पर आज वो कुछ ज्यादा ही खुश था क्युकी
आज उसके बड़े भैया मनु की शादी थी

घर में काफी भीड़-भाड़ थी ,दूर-दूर से रिश्तेदार आये हुए थे
हर तरफ गहमा-गहमी थी
तभी डोर बेल बजी
दीपू भाग के झज्जे में गया ,उसने पहली मंजिल से ही झाँक के देखा
घोड़ी आ गयी थी
( भारत में हिन्दू लोगों में शादी में दूल्हा घोड़ी पे बैठ के दुल्हन ब्याहने जाता है :) )
उसने अंदर आकर अपने पापा मुरली और ताऊ राजेंद्र जी को उत्साह से बताया-

"घोड़ी आ गयी,
 घोड़ी आ गयी "

ये सुनकर मुरली और राजेंद्र जी भी बहुत खुश हो गए
और जल्दी से नीचे गए
दीपू फिर से भाग के छज्जे पे आ गया
और नीचे घोड़ी को निहारने लगा
वो एक बहुत ही सुन्दर  ,एक दम सफ़ेद ,ऊंचे कद की , तंदुरुस्त घोड़ी थी

उसने ऊपर से सुना ,ताऊ राजेंद्र जी  ,हँसते हुए उसके पापा मुरली से कह रहे थे-
"मुरली तू अपनी शादी में घोड़ी पे नहीं बैठ पाया था ना " :)
मुरली- "भाईसाहब आपको नहीं पता क्या ? :)
आपने ही तो मेरी शादी इतनी जल्दबाज़ी में करा दी थी ,
हम तो लड़की देखने गए थे ,
पसंद आ गयी तो आपने मुझे घेर के उसी दिन २ घंटे में वहीँ मेरी शादी करा दी थी"
"मेरी तो घोड़ी चढ़ने की तमन्ना दिल ही दिल में रह गयी " :)
दीपू के पापा मुरली हँसते हुए बोले थे

राजेंद्र ताऊ जी-"कोई बात नहीं मुरली तेरी ये तमन्ना आज पूरी किये देते हैं "
"इस साले घोड़ी वाले को थोड़ी देर के काम के लिए इतने पैसे दिए हैं
अब ये आ भी जल्दी गया है तो चल तुझे घोड़ी बैठने का एक्सपीरियंस कराते हैं"
मुरली जोर-जोर से हंसने लगा , बोला -
"भाईसाहब मज़ाक कर रहे क्या
राजेंद्र जी  - "अरे नहीं मैं मज़ाक क्यों करूंगा "
मुरली- "अरे भाईसाहब कॉलोनी में लोग क्या सोचेंगे ? "
राजेंद्र जी - "अबे क्या सोचेंगे ,हमने क्या किसी साले की भैस खोली है "
"पूरे पैसे दिए हैं , आजा बैठ जा "
मुरली हँसते हुए बोला - " नहीं भाईसाहब मैं तो नहीं चढूँगा "
राजेंद्र जी - "चल मैं चढ़ता हूँ ,बाद में तू चढ़ जाइयो "

राजेंद्र जी घोड़ी वाले से बोला - "चल भाई पहले हम ट्राई करेंगे "
घोड़ी वाला बेचारा कभी राजेंद्र जी का मुँह देखे कभी मुरली का :)
मरता क्या ना करता ,उसने देखा की
ये दोनों दूल्हे तो गुट्टे मतलब नाटे हैं :)
मेरी घोड़ी इतनी ऊंची है,ये चढ़ेंगे कैसे
तो वो बोला- "बाउ जी आप इस मुंडेर पे खड़े हो जाओ ,
मैं घोड़ी यहाँ लाता हूँ "
"यहाँ से आप चढ़ जाओगे"
(उसने घर के बाहर बने ऊँचे चबूतरे की और इशारा किया)
राजेंद्र जी उस चबूतरे पे चढ़ गए
घोड़ी वाला घोड़ी पास ले आया और पहले राजेंद्र जी को घोड़ी पे बैठा दिया


घर के बिलकुल सामने बड़ा सा पार्क था जिसके चारों और करीब 60 कोठियां बनी हुयी थी
अब घोड़ी वाले ने राजेंद्र जी को घोड़ी पे बिठाकर पार्क का एक पूरा चक्कर लगवाया
चक्कर पूरा करके आते हुए रज्जन हँसते हुए मुरली से बोला -
"देख मुरली मैं तो दूसरी बार घोड़ी पे बैठ लिया ,
तू कब बैठेगा ,आजा "
"अब तू आजा "
राजेंद्र जी को घोड़ी पे बैठ चक्कर लगाते देख मुरली की भी झिझक खुल गयी थी
राजेंद्र जी के उतरते ही अब वो भी उस चबूतरे पे चढ़ा
और घोड़ी वाले ने अब मुरली को घोड़ी पे बिठा दिया
मुरली ने बड़ी शान से पूरे पार्क के २ चक्कर लगाए
उसे तो ऐसा ही लग रहा था क आज उसी की शादी है
और ये उसकी घुड़चढ़ी हो रही है
उसके दिल का एक अरमान जो कभी अधूरा रह गया था
आज पूरा हो गया था :)

ऊपर पहली मंज़िल के झज्जे पे खड़ा दीपू
जोर-जोर से हंस रहा था
उसने देखा था की पड़ोसी भी
जो अपने-अपने झज्जो पे या रोड पे खड़े थे
उन दोनों भाइयो राजेंद्र और  मुरली को देख कर हंस रहे थे
कुछ बुरा सा मुँह भी बना रहे थे
पर ये दोनों भाई राजेंद्र और मुरली तो जैसे इस सब से बिलकुल ही अनजान थे :)
वो दोनों भाई तो बस अपनी ही धुन में मस्त थे
वो दोनों जोर- ज़ोर से खुद अपने ऊपर ही हंस रहे थे

एक बचपना था उन दोनों में :)

दीपू को बार-बार ताऊ जी रज्जन की बात कानों में सुनायी दे रही थी-

"अबे लोग क्या सोचेंगे ,
   इससे हमें क्या ? 
   हमने क्या किसी साले की भैस खोली है "

आज 24 साल बाद भी जब-जब मनु की शादी की चर्चा होती है तो
सब इस घटना को याद करके इतना हँसते है :)

सच तो ये है की हमें अपने अंदर के बचपन को कभी मरने नहीं देना चाहिए :)
जिस दिन ये बचपन मर जाता है ,
हम बूढ़े हो जाते है,
और फिर तेज़ी से मरने लगते हैं।

( ये एक सच्ची कहानी है :) )

#बचपन #bachpan   manojgupta0707.blogspot.com


Sunday, May 17, 2020

मनु का जन्मदिन और चाची का स्नेह-पंखा :)

वो मनु का 40वां जन्मदिन था


मनु कोई ख़ास उत्साहित तो नहीं था
(अब सच में कितने लोग होते है जिनको 40 की उम्र में सही में,
सच में जन्मदिन का उत्साह होता है)
पर जीवन में ये संख्याये जैसे 30 ,40 ,50 किसी माइलस्टोन किसी पड़ाव का सा अहसास कराती हैं
( हालाँकि उम्र की बात करे तो अक्सर ये माइलस्टोन डराते ही ज्यादा हैं )
मनु अपने इस जन्मदिन को यादगार बनाना चाहता था
अपने ख़ास दोस्तों के साथ ये दिन बिताने का मन था उसका
एक अद्बुध विचार उसके मन में आया
तो मनु ने सरप्राइज रखा -
जन्मदिन पे दोस्तों को अपने घर सुबह 8 बजे बुलाया
पर कहाँ जा रहे हैं ,बताया नहीं
इतना बोला- "पूरे दिन का कार्यक्रम है तो बाकी मुझपे छोड़ दो"
सब टाइम पे आ गए थे
सब दोस्त मन ही मन अनुमान लगा रहे थे-
"शानदार पार्टी होगी
शायद कोई रिसोर्ट,
या फिर कोई फार्म या फिर कोई होटल या ,,,,,,,
पता नहीं क्या क्या....अरे चलो यार पार्टी तो पक्की हुयी "


7 दोस्त ,इन्नोवा कार ,ताज एक्सप्रेसवे, दिल्ली से 105 किलोमीटर दूर
और केवल 90 मिनिट में मनु का अपना गांव जहांगीरपुर आ गया
कार रुकी गांव के बाहर बने चामुंडा मंदिर पे



( माँ चामुंडा मनु के परिवार की कुल देवी हैं ,
चामुंडा मंदिर मनु के पूर्वजो का बनाया करीब 150 साल पुराना मंदिर है,
जो समय के साथ जैसे-जैसे मनु के दादाजी की जमींदारी गयी 
तो ये मंदिर भी जीर्ण होता चला गया
पर अभी कोई २० साल पहले मनु के पापा राजेंद्र गुप्ता जी ने इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया 
और आज राजेंद्र जी की मृत्युपरांत 
उनकी समाधी "राजेंद्र पार्क" भी चामुंडा मंदिर प्रांगण में ही स्थापित है )

मनु के लिए तो हमेशा ही गांव आना,चामुंडा मंदिर आना ऐसा होता था
जैसे पापा वहीँ रहते हैं और वो मिलने आया है

इधर मंदिर पहुंचते ही दोस्तों के सपने बिखरने लगे थे :)
वो बेचारे तो किसी फैंसी मॉल या रिसोर्ट का सपना देखते हुए आये थे और पहुंचे गांव के एक साधारण से मंदिर पे
उनकी निराशा-हताशा छुपाये नहीं छुप रही थी :)
सब दोस्त ठहरे निरे शहरी
किसी का भी अपने खुद के या किसी भी गांव से कोई सीधा सम्बन्ध नहीं था
ज्यादा किया तो साल दो साल में चले गए प्रतापगढ़ फार्म और सोचने लगे के यही गांव का जीवन है
अब यहाँ जुलाई की भरी गर्मी में वो सब सचमुच के एक छोटे से गांव में थे
फंस गए थे बेचारे
बेमन से कार से उतरे
आपस में खुसर-पुसर चल रही थी
उन्होंने बेमन से मंदिर देखा, फोटो खिचाई
चाय-नाश्ता किया,
तो कुछ जान में जान आयी
पर भयंकर गर्मी थी
मनु भांप गया की शहरी बच्चे परेशान हैं
मनु के चचेरे भाई मनोज ने बोला-"भाई आम के बाग़ में चलते हैं "
(ये मनु के चचरे भाई का नाम भी मनोज है,छोटा मनोज। अब ये दोनों चचेरे भाइयो का नाम एक सा मनोज ही क्यों है,इसकी भी एक दिलचस्प कहानी है, तो वो कहानी फिर कभी :) )



तो कार फिर हुयी स्टार्ट और कच्चे रास्ते से गांव के काफी अंदर, पहुंच गए आम के बाग़ में
( ये बाग़ गांव के एक बड़े किसान का था जो मनु के चाचाजी के मित्र थे  )
उनका वहां खूब स्वागत हुआ
पूरा बाग़ उनके हवाले कर दिया गया
( आमतौर पे ही गांव के लोग बड़े विशाल ह्रदय होते हैं और खासकर किसी दोस्त के मेहमानो को तो वो ऐसे ट्रीट करते हैं जैसे कोई देवता पधारे हो :) )
वो करीब 50 एकड़ भूभाग में फैला आम का विशाल बाग़ था
आमों से पेड़ लदे हुए थे, भार से झुके जा रहे थे
ये शहरी बच्चे तो वहां पहुंचकर जैसे पागल ही हो गए
(अरे कंफ्यूज ना होना थे ये सातों 40 -41 उम्र के ही हैं  ,
बच्चा इसलिए कह रहा हूँ क्युकी उस दिन वो सब बर्ताव 10 -12 साल के बच्चो सा कर रहे थे :)
कोई आम के पेड़ पे चढ़ा
किसी ने कटरीना कैफ के माज़ा वाले विज्ञापन को RECREATE किया
किसी ने आम तोड़े ज्यादा ,खाये कम
कोई इधर दौड़े ,कोई उधर
बाग़ में काम कर रहे किसान इस 7 बच्चो को देख देख खूब हॅसे
करीब दो घंटे की इस भाग-दौड़ और आम खाने की प्रकिर्या में सब
थकान और पसीने में तरबतर पर बेतहाशा खुश थे
मनु ने तो कभी इन सब दोस्तों को इतना खुश नहीं देखा था :)

अब इसके बाद छोटे मनोज के दिमाग का अगला आईडिया भी तैयार था
वो मनु और सारे दोस्तों को ले गया मंगला जी के फार्म-हाउस पे ,
जहाँ ट्यूबवेल लगा था


(ये मंगला जी गांव के सम्मानीय चेयरमैन हैं और मनु के चाचाजी के घनिष्ट मित्र हैं )
अब तो जो वो सारे कूदे है ,ट्यूबवेल के हौद में
जुलाई के गर्मी और ट्यूबवेल का जबरदस्त ठंडा पानी
और अगले 2 घंटे जो नहाना,कूद-फांद, हँसी-मज़ाक, बियर, कोल्ड ड्रिंक
उस पलों में वहां केवल बचपन था, दोस्त थे, मस्ती थी और प्यार भरी चुहलबाज़ी
गर्मी, पेट में आम ही आम, नहाने से हुयी जबरदस्त थकान,
और कुछ बियर की मदहोशी भी
और ना जाने बचपन के कौन-कौन से दबे हुए इमोशन थे  ,जो साकार दर्शित हो रहे थे

इधर चाचा जी का घर से बार-बार फोन आ रहा था-
"अरे भाई खाना ठंडा हो रहा है
आके पहले खाना खा लो"
सब बड़ी मुश्किल से पानी से निकले
(मनु के चाचा-चाची गांव में ही रहते है,उन के २ बेटे मनोज और विकास हैं
दोनों परिवार की खेती भी संभालते हैं और वहीँ गांव में ही रेडीमेड कपडो की दूकान भी चलाते है  )
सातों बच्चे चाचा जी के घर पहुंचते ही खाट पे, कुर्सी पे, बेड पे
मतलब जिसको जहाँ जगह मिली वो वही लंबलेट हो गया
खाना तो कब से तैयार था और अब ये सब बढ़िया से भूखे भी थे
तो बस सब टूट पड़े थे खाने पे
उस समय मनु के गांव वाले घर पे AC नहीं था ,
पंखे-कूलर थे ,पर गर्मी तो फिर भी बहुत थी
तो सब खाना खा रहे थे और
चाची हाथ का पंखा लेकर सबको हवा कर रहीं थी
उनका ये प्यार भरा व्यवहार और आग्रह करके एक-एक चीज़ खिलाना सब का दिल छू गया
मेहमान सुविधाओं का नहीं मेजबान के प्यार का भूखा होता है
(सब दोस्त आज भी चाची का वो ममतामय अवतार याद कर भावुक हो जाए हैं )
खाने के बाद चला "खुरचन" का ठंडा जादू
और उसके साथ गुलाब जामुन का गर्म तहलका
जो ख़ास खुर्जा से मनवाया था चाचा जी ने
खुरचन ,खुर्जा शहर की एक स्पेशल मिठाई है जो बहुत मीठी और ठंडी होती है,

(खुर्जा शहर मनु के गांव के पास का एक शहर है जो अपने बॉन-चाइना के बर्तनों के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है )

खाना खाके कोई सो गया
कोई लेट गया
तो कोई चाचा-चाची से गांव के बारे में बाते कर रहा था

मनु उन सबको बतियाते देखता रहा
मनु के लिए ये जन्मदिन बहुत ख़ास हो गया था
जिसमे बचपन था,,
दोस्त थे,
पापा थे, (शारीरिक तरीके से चाहे ना हों पर हमेशा पास ही होते हैं :)

चाची का वो स्नेह-पंखा था
आम,खुरचन,गुलाब जामुन का मीठापन था
तो बियर का खारापन भी
और ट्यूबवेल के पानी का सौंधापन भी
(जीवन भी ऐसा ही है ना ,तरह-तरह के रंग-स्वाद लेकर आता रहता है )

शाम हो रही थी
सबको फिर उसी दुनिया में वापिस जाना था
आना तो था ही तो मनु सबको वापिस ले आया था
जहाँ जहरीला पोलुशन है , जानलेवा ट्रैफिक है
रोज़ की ट्रेडमिल भागदौड़ थी
(मैं इसे ट्रेडमिल भागदौड़ इसलिए कहता हूँ क्युकी जैसे ट्रेडमिल पे हम दौड़ते तो है पर वही उसी जगह पर ही रहते है कहीं आगे नहीं जा पाते,उसी तरह का ये RAT-RACE जीवन है ,दौड़े,और दौड़े और अचानक ख़त्म,सब ख़त्म :) )
यहाँ गाम्भीर्य हमारा बचपन छीन लेता है, जवानी में ही बूढ़ा बना देता है."

मनु के दोस्त आज भी बात करते हैं की वो
"अपना कुछ वहीँ आम के बाग़ में, ट्यूबवेल के ठन्डे पानी में, खुरचन की मिठास में या फिर चाची के स्नेह-पंखे में बाँध रख आये थे "

उस जन्मदिन को अब 7 साल होने वाले हैं
मनु तो हर महीने दो महीने में अपने गांव अब भी जाता है ,अपने पापा से मिलने
पर दोस्त ..... एक साथ फिर कभी नहीं चल पायें

मनु दोस्तों से आज भी कहता है -
"चलो हम एक और दिन के लिए बच्चे बने रह सकते हैं
कभी महीने दो महीने में ही सही एक दिन के लिए तो गांव का सादा जीवन भी जी सकते है
रुक कर ताज़ी सांस ले सकते हैं
ये शहर जोंक की तरह होते है ,जब तक शरीर का सारा खून ख़त्म नहीं होता
ये छोड़ता ही नहीं

बस एक ही रास्ता है

"जहाँ जहाँ ये चिपका हो थोड़ा सा शरीर का हिस्सा काट के इससे आज़ाद हो जाओ "

पर हिम्मत चाहिए
बहुत हिम्मत :)

#बचपन #bachpan   manojgupta0707.blogspot.com










Thursday, May 14, 2020

संजू

आपको पहले ही बता दूँ की ये कहानी अभिनेता संजय दत्त के बारे में बिलकुल भी नहीं है :)
---------------------------------------------------------------------------------------------------
किसी ज़माने में दो दोस्त होते थे संजू और मनु
दोनों त्रिनगर में ही रहते थे ,पर अलग-अलग मोहल्लों में
पर एक ही स्कूल में एक ही क्लास में पढ़ते थे
उनकी दोस्ती शायद छठी क्लास में हुयी होगी
जब वो दोनों पांचवी क्लास पास करके स्कूल की छोटी ब्रांच से निकलकर
छठी क्लास में MSV स्कूल की बड़ी बिल्डिंग में शिफ्ट हुए थे

जहाँ मनु काफी चुप रहने वाला और शांत सा लड़का था
वहीँ संजू कुछ अलग तरह की ही मिटटी का बना था
वो बहुत ही वाचाल,ज़िंदगी से भरपूर,निश्चिन्त और आत्मविश्वास से भरा हुआ था
वो ऐसा था के कुछ भी हो जाए
उसको विश्वास होता था की वो इसे अपने फायदे में मोड़ ही लेगा,
मतलब जैसे उसके साथ तो कुछ गलत कभी हो ही नहीं सकता
जैसे समर वेकेशन होमवर्क ना करना और फिर भी सजा से बच जाना,
किसी शरारत में पकडे जाने पे भी
कैसे न कैसे बच निकलना उसके लिए बाएं हाथ का खेल था
देसी भाषा में बोलू तो बहुत बड़ा जुगाड़ू था संजू :)
संजू हमेशा अपनी उम्र से बहुत ज्यादा आगे की समझ रखता था
यहीं मनु शायद अपनी उम्र से कुछ कम की :)
मतलब दोनों का स्वाभाव एकदम उलट था
(पर शायद दोस्ती होती भी कुछ अलग-अलग टाइप के लोगों में ही है)
उस जिंदगी की मूवी में संजू हीरो था और मनु साइड हीरो
(वो होता है ना हर मूवी में हीरो का एक घोंचू दोस्त :) मनु वही था )

संजू जब 9 वी क्लास में था
वो स्कूल की छुट्टी के बाद दूसरे सेक्शन की लड़की के पीछे जाकर,
रोज़ उसे घर तक छोड़ के आता था
(वैसे मनु भी इच्छा से या अनिच्छा से अक्सर साथ ही होता था)
संजू दावा करता की वो लड़की संजू की GF यानिकि GIRL FRIEND है
(हालांकि उन दोनों को बात करते किसी ने कभी नहीं देखा था )
स्कूल में किसी लड़की को साइड से टकरा कर निकल जाना
कहीं छू लेना और फिर सब दोस्तों को हँस कर बड़ा-चढ़ा के बताना
संजू के लिए आम सी बात थी
संजू का कहना था की उसकी एक गर्ल फ्रेंड उसके पड़ोस में भी है
और एक बार तो जब संजू 7 दिन की छुट्टी के बाद अपने कजिन भाई की शादी से लौटा तो
संजू ने बताया की कैसे शादी में संजू की नयी भाभी की छोटी बहन
संजू की दीवानी हो गयी थी और
उसने खुद आगे बढ़कर संजू को किस किया
और फिर उन दोनों ने .....ना जाने क्या क्या :)
संजू, मनु का आदर्श बन गया था
अच्छा बुरा तो पता नहीं पर मनु को लगता था की संजू उससे कहीं बहुत आगे है
उसे जीवन का सब कुछ पता है और मनु को कुछ भी नहीं पता
मनु ,संजू के जैसा बनना चाहता था
बिंदास जीना चाहता था

ये स्कूल 10TH तक ही था तो 10 TH  के बाद दोनों का अलग-अलग स्कूल मे दाखिला हो गया
संजू रामजस स्कूल,आनंद परबत चला गया
मनु को पापा ने अपने एक बोहोत ही ख़ास मित्र की मदद से ,
सिविल लाइन्स के बहुत प्रेस्टीजियस स्कूल लुडलो  कैसल में दाखिल करा दिया था
मनु अलग स्कूल में जाने लगा पर उसे संजू के साथ की ऐसी आदत पड़ गयी थी की
नए स्कूल में उसका मन ही नहीं लगता था
वो बहुत रोया धोया
पापा बहुत गुस्सा हुए
पर कुछ ही दिन बाद मनु ने लुडलो कैसल स्कूल छोड़ दिया
और संजू के स्कूल में ही आ गया
(ये स्कूल बहुत ही घटिया था और इसने मनु के जीवन को कैसे बदला ये फिर किसी कहानी में )
अब दोनों दोस्त फिर साथ थे
ये स्कूल पिछले स्कूल से एकदम अलग था
जहाँ पिछले स्कूल में सख्त अनुशासन था इस स्कूल में बिलकुल रोकटोक नहीं थी
तो दोनों का स्कूल बंक करना ,  मॉर्निंग शो देखना अक्सर होता था
11 TH ,12TH  २ साल वो साथ उस स्कूल में रहे
वहां और दोस्त भी बने पर वो दो, एक ही रहे
स्कूल ख़त्म हो गया था
12 TH में मनु के नंबर बहुत कम आये थे और संजू तो बस फ़ैल होते-होते बचा था
मनु बहुत निराश था,वो संजू से बोला - "भाई अब क्या होगा ?
संजू (हँसते हुये बोलै था  )-
"अबे पास तो हो गए ना "
"और क्या चाहिए भाई जीने के लिए
सब कुछ तो है :) "

संजू ने इसी मोड़ पे पढ़ाई छोड़ दी और अपने पापा की दूकान जाने लगा
मनु ने कॉलेज में एडमिशन ले लिया
शुरू शुरू में दोनों मिलते थे
पर समय के साथ ये अंतराल बढ़ता गया
मनु के जीवन में अब नए-नए दोस्त आ रहे थे
अब उलटा हो गया था
कहाँ मनु संजू के बिना रह नहीं पाता था और कहाँ अब
संजू फोन करता था पर मनु के पास उससे मिलने का ,बात तक करने का समय नहीं होता था
मनु ने फोन उठाना भी बंद कर दिया था
फिर शायद संजू भी समझ गया और अब उसके फोन भी नहीं आते थे

बरसों बाद संजू का अचानक फोन आया
उसने मनु को बताया की वो सोनीपत शिफ्ट हो गया है
"कभी मिलने आजा ना "(संजू हंसकर बोला था )
शायद बरसों का जमा हुआ अपराधबोध था या क्या पता नहीं पर
अगले संडे ही मनु ,संजू के घर सोनीपत में था
वो एक साफ़-सुथरा, बड़ा, खुला ,हवादार सिंगल स्टोरी बंगलो टाइप सिंपल घर था
अकेले बैठे तो संजू ने बताया -
"भाई करीब 10 साल पहले ही पापा की मौत हो गयी थी
तुझे फोन किया था पर तूने उठाया ही नहीं तो..
(मनु ने शर्म से आँखें झुका ली थी )
पापा का कुछ पुराना क़र्ज़ था (वो बहुत धीमे स्वर में बोल रहा था)
तो त्रिनगर वाला घर बेचना पड़ा
क़र्ज़ चुकाने के बाद बचे पैसे में दिल्ली में कोई घर मिला नहीं
तो सोनीपत की इस नयी बसी सुनसान सी हुडा कॉलोनी में ये 500 गज़ का प्लाट ले लिया था
फिर धीरे-धीरे बना भी लिया
भाई पहले-पहले बहुत रोना आता था यहाँ आकर (उसका स्वर रुआंसा सा था )
बहुत तकलीफें थी यहाँ रहने में
सुनसान था बिलकुल
ना कोई आस-पड़ोस में रहता था
ना कोई सामान पास में मिलता था
सब रिश्तेदार दिल्ली में थे तो कोई इतना दूर मिलने भी नहीं आ पाता था
यार तब यहाँ आने-जाने का भी कोई ख़ास साधन नहीं था
मम्मी पूरा-पूरा दिन रोती थी की
 "तू मुझे कहाँ जंगल में ले आया "
"पर भाई अब यहाँ सब बेहतरीन है (वो हॅसते हुए बोला )
अब सब सुविधाएँ यहाँ आ गयी हैं
यहां सब लोग घर के पीछे के हिस्से में खुद सब्जियां उगाते हैं ,तो हम भी उगाने लगे
पास में ही सारी जरूरतों की दुकाने अब खुल गयी है
सारा पास-पड़ोस भर गया है
अब मम्मी का पड़ोस के लोगों में खूब दिल लग गया है
रिश्तेदार भी कभी-कभी मिलने आ ही जाते है
"जैसे आज तू भी आ गया", (संजू ने खिलखिलाते हुए कहा)
(मनु थोड़ा शर्मिन्दा,असहज हो गया था )
मनु- "भाई तू दूकान कैसे जाता है "
संजू- "स्कूटर से सोनीपत रेलवे स्टेशन जाता हूँ और वहां से सीधी ट्रैन है नए बाज़ार दूकान की
शाम को 7 वाली ट्रैन से घर वापस "
फिर आराम मारो
"और क्या चाहिए भाई जीने के लिए
सब कुछ तो है :) "

अब फिर संजू और मनु को मिले बरसों हो गए थे
अचानक ही COVID-19 की वजह से पूरे भारत में LOCKDOWN  हो गया
LOCKDOWN के कुछ ही दिन बीतें होंगे की संजू ने फिर मनु को फोन किया
आमतौर पे मनु अब भी संजू का फोन नहीं उठता था पर
इन दिनों अपने व्यस्त जीवन से बिलकुल खाली, बोर था
फोन उठाते ही संजू की वही चहकती आवाज़-
"साले आज फोन उठा ही लिया तूने भाई का
और घर-परिवार कुशल-मंगल ?
मनु सकुचा गया-"हाँ भाई सब बढ़िया, तू बता  "
मनु का इतना बोलना था की ....
संजू- "भाई अपना तो भयंकर अच्छे वाला टाइम कट रा है "
घर के सामने वाला प्लाट खाली  पड़ा था तो उसमे एक बैडमिंटन कोर्ट बना लिया है
पूरे दिन सारा मोहल्ला वहां साथ में बैडमिंटन खेलता है
कभी चाय-पकोड़े , कभी रूहअफजा और शाम को तो भाई रोज़ दारु....
और भाई वज़न भी 5 किलो घटा लिया 1 महीने में ,बस अब 2 किलो और घटाना  है
सब्जियां तो यहाँ सारे घर में ही उगाते है तो आपस में बाटर कर लेते हैं
थोड़ी दूर पे ही एक किसान अपने खेत पे भैस पालता था
पहले तो साला बहुत नखरे करता था
ज्यादा रेट माँगता था तो हम दूध नहीं लेते थे
पर साले के ग्राहक दूर थे तो
अब साला मिन्नत करके रोज़ हमारे भाव पे ,दोनों टाइम हाथ जोड़कर दूध देकर जाता है "
बढ़िया खा रहें हैं
पी रहें हैं
ज़िन्दगी मज़े से कट रही है
"और क्या चाहिए भाई जीने के लिए
सब कुछ तो है "

मनु का मुँह खुला का खुला रह गया
कहाँ वो दिल्ली शहर की एक पॉश कॉलोनी में रहते हुए
सारा दिन बस नकारात्मक बातें सोचता रहता है के
दुनिया ख़त्म हो गयी है
कुछ नहीं बचा
क्या होगा ?
कैसे होगा ?
और ये संजू.....
इतना सकारात्मक....
इतना खुश कैसे ....
उसके कानों में बार-बार बस संजू के शब्द गूँज रहे थे

"और क्या चाहिए भाई जीने के लिए
सब कुछ तो है "

-------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
#बचपन #bachpan
manojgupta0707.blogspot.com

Wednesday, April 29, 2020

नीमके वाली अम्माँ

सबसे पहले तो मैं ये बता दूँ की
मेरी नीमके वाली अम्माँ का नीम के पेड़ से कोई भी सरोकार नहीं था :)

ये तो चूँकि उनका मायका "नीमका" नाम के गांव में था
तो पहचान के लिए की ,
हम कौनसी वाली अम्माँ की बात कर रहे हैं ,
हम सब बोलते ऐसे थे की नीमके वाली अम्माँ ऐसी थीं   ,
अपनी वाली अम्माँ वैसी थीं
अरे यार हमारी चार अम्माँ थीं ना
तो पहचान के लिए कुछ तो अलग बोलना ही था :)

नीमके वाली अम्माँ ,मेरे बाबा (GRAND FATHER ) के छोटे भाई की पत्नी थी
मतलब मेरे छोटे बाबा की पत्नी थीं
मेरे बाबा हर चार भाई थे
जिनमे से मेरे बाबा और उनके दो भाई हमारे गांव जहांगीरपुर में ही ,
करीब-करीब जुड़े हुए मगर तीन अलग-अलग घरों  में रहते थे
और मेरे बाबा के तीसरे भाई दूर पहासू नाम के छोटे शहर में रहते थे


नीमके वाली अम्माँ का घर हमारे तीनो घरों में सबसे बड़ा और हवेली के स्टाइल का था
घर के बाहरी हिस्से में बाबा की कपडे की दूकान थी
घर के अंदर जाने के लिए लकड़ी का बहुत ही भारी और जड़ाऊ दरवाज़ा था ,
जिसमे मोटे-मोटे भारी सांकल होते थे
अंदर घुसते ही बहुत बड़ा आँगन था जिसमे एक कोने में हमेशा 1 या कभी-कभी 2-2 भैंसें बंधी होती थी
जो हर अंदर घुसने वाले का रम्भा के स्वागत करती थी
या शायद वो ही अम्माँ को आवाज़  देकर बताती थी की , घर में कोई आ गया है
अम्माँ बोहोत ही मीठा बोलती थी
बहुत ही ज्यादा मीठा
मुझे बहुत प्यार करती थी
मैं जब भी गाँव जाता था नीमके वाली अम्मा से मिलने हमेशा जाता था
नीमके वाली अम्माँ भी देखते ही बहुत खुश हो जाती थी
और हमेशा कुछ ना कुछ खिलाकर ही वापिस जाने देती थी

एक बार कुछ ऐसी बात हुयी की आज तक सोच के हँसी आ जाती है
मैं नीमके वाली अम्माँ के घर गया तो देखा
आँगन में अम्माँ ने चूल्हे पर दूध उबालने रखा है
अम्मा बोली- "दूध पिएगो बेटा  ? "
मैं बोला- " अम्माँ दूध नहीं मैं तो चाय पियूँगा "
चाय का नाम सुनते ही अम्माँ तो बहुत नाराज़ हो गयीं
(हमारे गांव में आज भी बच्चों को चाय नहीं पिलाई जाती )

अम्मा तो गुस्सा हो गयी और बोलने लगी-
 " लल्ला ये ऐसे-कैसे का सहर के बच्चा है गये ,बच्चन लोग भी कभौ चाय पिया करें "

मैं हँसा,बोला- अम्माँ मोए तो चाय ही पीनो है
(मैंने भी अपने गांव की भाषा में बोलने की कोशिश की :) )
झूठा गुस्सा दिखाते हुए अम्माँ गयी और चाय बना लाई
मैंने चाय का एक बड़ा सा घूँट पिया
यक्क
चाय बहुत ही ज्यादा मीठी थी :)
इतनी मीठी की मेरे होंठ चिपक रहे थे
मैं अभी सोच ही रहा था की क्या करूँ की अम्माँ वापिस आयीं
उनके हाथ में चीनी का मर्तबान था

बड़े भोलेपन से बोलीं-
" लल्ला मो चाय में चीनी कम पिया करुँ तो तोये चाय में भी कमो डारी , तू अपने बाए (लिए) और डार ले "

मुझे तो काटो तो खून नहीं
कभी मैं अम्मा को देखूँ
कभी उनके हाथ में चीनी के बड़े से मर्तबान को
और कभी अपने हाथ के चाय के गिलास को  :)
मैंने तो झटके एक घूँट में वो पूरा चायनुमा मीठा शरबत पिया ,
गिलास जमीन पे रखा और
मैं भागा बाहर
वो आवाज़ लगाती रह गयी-
ए बेटा
का भयो
अरे थम मेरो बिटवा   :)

मैं तो ऐसा भागा
ऐसा भागा
के सीधा अपने घर आके ही रुका
और हॅसते-हॅसते लोटपोट :)
शायद 10-15 मिनिट बाद ही किसी को कुछ बता पाया की क्या हुआ था :)

असल में हमारे गाँव में सब चीनी बहुत ही तेज़ पीते थे
चाय उनके लिए ऐसी थी जैसे की शहर में हम खाने के बाद कोई मिठाई खाते हैं :)
मुझे याद है मुझे रसगुल्ले खाने का शौक था तो मेरे बाबा ख़ास मेरे लिए रसगुल्ले बनवा के लाते थे
क्युकी तब हमारे गांव के हलवाई पेड़े के अलावा और कोई मिठाई रोज़मर्रा में बनाते ही नहीं थे


आज मेरी नीमके वाली अम्मा नहीं हैं ,
(खैर अभी तो चारों अम्माँ ही नहीं हैं )
पर अम्माँ की सरलता
उनका भोलापन
उनका वो निश्छल प्यार

आज भी जब नीमके वाली अम्माँ के बारे सोचता हूँ तो चेहरे पे मुस्कराहट आ जाती है :)

#बचपन #bachpan , manojgupta0707.blogspot.com
Writer- Manoj Gupta